चक्रवाती तूफान ताउते अब गुजरात से राजस्थान कूच कर रहा है। मंगलवार देर रात तक यह राजस्थान में छा जाएगा। हालांकि मंगलवार को इसकी तीव्रता कम हो गई। इसके असर से राजस्थान में दबाव क्षेत्र बना है। इस वजह से राज्य के सात जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार ताउते के कारण 19 व 20 मई को उत्तर भारत में व्यापक रूप से वर्षा की संभावना है।
हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम यूपी, उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर कहीं छुटपुट तो कहीं अत्यधिक भारी वर्षा और पंजाब, पूर्वी यूपी और उत्तरी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। राजस्थान में दबाव क्षेत्र बनने के कारण मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह के बीच बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, उदयपुर व आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। जयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभागों में भी तेज बारिश का अनुमान है। चक्रवात के असर के कारण सोमवार रात भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में तेज बारिश हुई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को बताया कि ताउते चक्रवात के और कमजोर पड़ने के साथ अगले दो दिन में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है। विभाग के स्थानीय केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि ताउते के उत्तर भारत की ओर बढ़ने पर दक्षिणी राजस्थान में बारिश हुई है।
श्रीवास्तव ने कहा कि मंगलवार को यह राजस्थान और हरियाणा के हिस्से में पहुंचेगा। इसके कारण पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में मध्यम स्तर की बारिश होगी। दिल्ली के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
!! भारत 9 टीवी न्यूज़ !!
No comments:
Post a Comment